बूंदी पुलिस ने ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट के नाम पर साइबर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी महावीर प्रसाद से 25 हजार रुपए नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। यह कार्रवाई विशेष अभियान "म्यूल हंटर" के तहत की गई है। बूंदी एसपी अवनीश कुमार शर्मा ने बताया कि करवर थाना पुलिस ने महावीर प्रसाद पुत्र गोपी लाल मीना निवासी केदारा की झोपड़िया, थाना करवर, जिला बूंदी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट का लालच देकर ठगी करता था। पुलिस मुख्यालय राजस्थान, जयपुर के निर्देश पर 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक साइबर अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान "म्यूल हंटर" चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य साइबर ठगी की वारदातों पर अंकुश लगाना और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करना है। इस अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा के मार्गदर्शन और नैनवां डिप्टी राजूलाल मीणा के सुपरविजन में करवर थानाधिकारी नरेश कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का संकलन और गहन विश्लेषण कर आरोपी महावीर प्रसाद को पकड़ा। आरोपी महावीर प्रसाद इन्वेस्टमेंट के नाम पर रकम दोगुनी करने का प्रलोभन देता था। वह डमी मैसेज और 'मनी हेल्प' जैसे संदेश भेजकर लोगों से धोखाधड़ी करता था। उसके खाते से हजारों रुपए के लेनदेन का मामला सामने आया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है। पुलिस इस प्रकरण में वांछित अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है।