बूंदी पुलिस ने बाइक चोरी के एक आरोपी सत्यनारायण उर्फ सत्तु को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से चोरी की गई बाइक भी बरामद कर ली है। यह कार्रवाई बूंदी शहर में वाहन चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने के लिए गठित एक विशेष टीम ने की है। जिला पुलिस अधीक्षक बूंदी अवनीश कुमार शर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा के मार्गदर्शन में यह टीम गठित की गई थी। वृत्ताधिकारी वृत्त बूंदी अजीत मेघवंशी के सुपरविजन में निर्मला पांडिया आर.पी.एस. (प्रो.) और थानाधिकारी थाना कोतवाली बूंदी रमेशचंद आर्य ने टीम का नेतृत्व किया। मामले की जानकारी देते हुए फरियादी मनीष कुमार पुत्र रामस्वरूप निवासी सरस्वती का खेड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ सोनी हॉस्पिटल, रघुवीर भवन, बूंदी में अपनी सासू मां से मिलने आए थे। उन्होंने अपनी बाइक अस्पताल के बाहर दोपहर लगभग 3:30 बजे खड़ी की थी, लेकिन शाम 4:30 बजे वापस आने पर बाइक वहां नहीं मिली। इस रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास तथा बूंदी शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और गोपनीय जानकारी के आधार पर सत्यनारायण उर्फ सत्तु को संदिग्ध के रूप में चिन्हित किया गया। रमेश चंद आर्य के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी सत्यनारायण उर्फ सत्तु को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उससे चोरी की गई बाइक भी बरामद की। आरोपी को पीसी रिमांड पर लेने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी सत्यनारायण उर्फ सत्तु आदतन चोर है और उसके खिलाफ पहले भी चोरी के कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।