पाली के सुमेरपुर एरिया में नकली घी बनाकर नामी ब्रांड के टीन में भरकर बेचने का मामला सामने आने के बाद सरस डेयरी प्रशासन अलर्ट हो गया है। शादी और तीज–त्योहारों पर मार्केट में ब्रांडेड कंपनियों की फर्जी पैकिंग में नकली घी मिलने की शिकायतों को डेयरी प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। अब सरस घी के पैकेट पर स्क्रैच करने के बाद क्विक रेस्पॉन्स कोड यानी QR कोड दिखाई देगा, जिसे मोबाइल से स्कैन करने पर घी असली है या नकली, इसकी पूरी जानकारी मोबाइल की स्क्रीन पर दिख सकेगी। QR कोड से पता चल सकेगा असली है या नकली QR कोड में घी से जुड़ी पूरी जानकारी शामिल है। इसमें यह पता चल सकेगा कि यह घी कौनसी डेयरी का है, कब बना है। इसकी पूरी जानकारी खरीदार को सिर्फ एक QR कोड को स्कैन करने पर मिल सकेगी। साथ ही यह भी सामने आ सकेगा कि यह मिलावटी तो नहीं है। स्कैन करते ही मिलेगी जानकारी सरस डेयरी पाली की मार्केटिंग मैनेजर सोहनी देवी बताती हैं कि बाजार में सरस घी के नाम से लगातार मिलावटी घी बेचने की शिकायतें आ रही थीं। इसलिए डेयरी अपने आधा लीटर, एक लीटर, 5 लीटर और 15 किलो के घी के डिब्बे पर QR कोड प्रिंट करवाता है। घी की बाहरी पैकिंग पर एक छिपा हुआ QR कोड होता है। इसे नाखून या सिक्के से स्क्रैच करने पर कोड नजर आएगा। मोबाइल से स्कैन पर एक लिंक मिलेगा। खोलने पर उस पैकेट से जुड़ी सारी जानकारी मिल जाती है। मैनेजर सोहनी देवी बताती हैं कि सरस घी पर QR कोड की व्यवस्था दो साल से है, लेकिन अधिकतर लोगों को इस बारे में जानकारी ही नहीं है। QR कोड से मिलेगी यह जानकारी सरस डेयरी अध्यक्ष प्रतापसिंह बिठिया ने बताया कि जैसे ही मोबाइल से QR कोड स्कैन करेंगे एक लिंक मिलेगा। मोबाइल में लिंक ओपन करते ही स्क्रीन पर घी की मात्रा, यूनीक आईडी नंबर, एक्सपायरी डेट, घी की मैन्यूफैक्चर डेट, इसकी MRP कितनी है और किस यूनिट में बना है, जैसी तमाम जानकारियां सामने आ जाएंगी। इस तरह ग्राहक घी खरीदने से पहले क्यूआर कोड स्कैन कर पता कर सकते है कि वह जो घी खरीद रहे हैं, वह सरस डेयरी का है या मिलावटी। नकली घी पर भी होता है QR कोड डेयरी अध्यक्ष प्रतापसिंह ने बताया कि मिलावटखोर नकली घी की पैकिंग पर भी QR कोड लगाते हैं। लेकिन जब इस कोड को स्कैन करते हैं तो सरस डेयरी या घी से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिलती। कई बार खुलने वाला लिंक किसी और साइट पर भी ले जाता है। हालांकि असली सरस घी पर सिर्फ असली जानकारी ही सामने आएगी।