परिवार के एक मांगलिक कार्यक्रम से लौटते समय कार पांच फीट अंदर नदी में गिर गई और दो सगे भाईयों की मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य घायल हो गए जिनका उदयपुर में उपचार चल रहा है। सलूंबर के दौलपुरा, खरका और कराकला के नाथ समाज के लोग एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बामनिया (सलूंबर) गए थे। सोमवार की शाम को लौटते समय करीब पांच बजे बरोड़ा के पास सलूंबर की ओर जाने वाले रास्ते पर एक पुलिया के पास ईको कार बेकाबू होकर नदी में जा गिरी। सूचना मिलते ही झल्लारा पुलिस मौके पर पहुंची। झल्लारा थाने के कॉन्स्टेबल नयनपाल ने बताया कि हादसे में सलूंबर ​ब्लॉक में दौलपुरा गांव में रहने वाले वकतनाथ (85) पुत्र दौलतनाथ और नाथू नाथ (80) पुत्र दौलतनाथ की मौके पर मौत हो गई। दोनों सगे भाई थे, वकतनाथ बड़ा और नाथूनाथ छोटा भाई है। हादसे में इनके साथ गाड़ी में सवार कराकला निवासी गौतम नाथ (85), ओंकारनाथ (70) और खरका निवासी रूपनाथ (75) घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए उदयपुर रेफर किया गया। दोनों भाईयों के शवों को सलूंबर जिला अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाया गया जहां पर आज पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।