शहर में शनिवार रात व्यापारियों के साथ हुई दो लूट की वारदातों में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल बर्तन व्यापारी ने रविवार को जयपुर के एसएमएस अस्पताल में दम तोड़ दिया। व्यापारी की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ऑपरेशन के तुरंत बाद मरीज को आईसीयू की बजाय जनरल वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ती चली गई। मामले ने तूल पकड़ लिया है। भरतपुर विधायक सुभाष गर्ग ने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से शिकायत कर उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। शनिवार रात शहर में व्यापारियों के साथ हुई दो अलग-अलग लूट की घटनाओं ने पूरे शहर को झकझोर दिया। दोनों वारदातों के बाद व्यापारियों में आक्रोश है। घटना थाना सेवर क्षेत्र की है। राधा नगर निवासी बर्तन व्यापारी मृतक चंद्रभान शर्मा (46) के बेटे शुभम ने बताया कि उनकी बजरिया स्थित बाजार में बर्तन की दुकान है। शनिवार रात करीब साढ़े 9 बजे वह मथुरा से प्लॉट देखकर आए थे। उनके साथ दुकान पर काम करने वाला लड़का भी था जिसे छोड़ने वह अनोखी होटल के पास गए थे। उसे छोड़कर जैसे सड़क पर आए तो बाइक सवार बदमाशों ने उनकी पीठ पर टंगे बैग में रखे 5 लाख रुपयों को छीनने की कोशिश की। उन्होंने अपनी मोटरसाईकिल की स्पीड बढ़ा दी। लूट में नाकाम बदमाशों ने उनके पेट में गोली मार दी। गोली लगने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और खुद ही मोटरसाइकिल चलाकर घर पहुंचे। वहां से परिजन उन्हें तत्काल आरबीएम अस्पताल लेकर गए। परिजनों ने SMS अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप, व्यापार महासंघ की चेतावनी: दो दिन में हो खुलासा, नहीं तो आंदोलन “बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।” - राजेश कुमार मीणा, एसपी, भरतपुर