चौथ का बरवाड़ा डिडायच मार्ग पर गुणशीला गांव के पास गुरुवार को मिट्टी से भरा एक डंपर पलट गया। डंपर पलटने से उसका चालक केबिन और जमीन के बीच दब गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने चालक को बाहर निकाला। उसे एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौथ का बरवाड़ा पहुंचाया गया। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे सवाई माधोपुर रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों और पुलिस ने बताया कि रेलवे लाइन के दोहरीकरण का कार्य चल रहा है। इसी कारण डिडायच गांव के पास से मिट्टी से भरे डंपर निकल रहे हैं। इनमें से अधिकतर डंपर ओवरलोड होते हैं। गुरुवार दोपहर चौथ का बरवाड़ा की ओर जाते समय गुणशीला गांव के पास मिट्टी से भरा एक डंपर पलट गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि सामने से एक बाइक आ रही थी। उसे बचाने के प्रयास में घुमाव पर डंपर पलट गया। इसके नीचे दबने से धर्मेंद्र पुत्र जुगल, निवासी सेवर, जिला भरतपुर, गंभीर रूप से घायल हो गया। काफी देर तक चालक अंदर ही फंसा रहा। बाद में लोगों ने जैसे-तैसे उसे बाहर निकाला। पुलिस ने बताया कि घायल को उपचार के लिए सवाई माधोपुर रेफर किया गया है। चालक को काफी चोटें आई हैं।