प्रतापगढ़ के छोटीसादड़ी में गुरुवार को एक टेंट गोदाम में भीषण आग लग गई। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा गोदाम उसकी चपेट में आ गया और अंदर रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार, नगर के मामल के पास स्थित इस गोदाम में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। देखें आगजनी से जुड़े PHOTOS सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण इसे नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस जवान भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किया। स्थानीय ग्रामीण भी दमकल टीम के साथ मिलकर आग बुझाने में सहयोग किया। ये टेंट गोदाम मुकेश कुमार माली का बताया जा रहा है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस आगजनी में करीब 60 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है।