उदयपुर के चित्रकूट नगर स्थित पत्रकार कॉलोनी में चोर बेखोफ घरों से पानी के मीटर चुरा रहे हैं। मंगलवार अलसुबह तीन से चार बदमाश एक घर से पाइप और मीटर काटकर ले गए। सुबह जब पीड़ित परिवार उठा तो मीटर और पाइप गायब मिले। ये चोरी बैंक मैनेजर हेमंत पालीवाल के घर हुई। परिवार ने सुखेर थाना पुलिस को सूचना दी और मामले में कार्रवाई की मांग उठाई है। घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है। घटना सुबह करीब 4 बजे की है। सीसीटीवी में चोर एक सफेद कट्टे में मीटर लेकर जाते हुए दिख रहे हैं। वहीं, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है। पहले भी हो चुकी है मीटर चोरी की वारदातें क्षेत्रवासी रवि शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी में चोर दो से तीन घरों के बाहर घूमते नजर आ रहे हैं। वे पाइप और मीटर को औजारों से काटकर ले गए। इस इलाके में शाम होते ही बाहरी असामाजिक तत्वों का मूवमेंट रहता है। जिन्हें कई बार नशा करते हुए देखा गया है। इससे पहले भी इलाके में मीटर चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। हमने पुलिस से रात में प्रभावी गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द पकड़ने की मांग की है।