चित्तौड़गढ़ में पुलिस ने तीन लग्जरी गाड़ियों से 833.540 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। इस दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जबकि उनके अन्य साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने एक आरोपी के पास से अवैध पिस्टल, मैगजीन और छह जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। मामला गुरुवार सुबह करीब 5.30 बजे तुर्किया कलां का है। राशमी थाना पुलिस और जिला विशेष टीम ने ये कार्रवाई की। गाड़ियां छोड़ खेतों से फरार हुए तस्कर जिला पुलिस अधीक्षक (SP) धर्मेंद्र सिंह ने बताया- राशमी थाना पुलिस और डीएसटी की टीम गुरुवार को तुर्किया कलां के कच्चे रास्ते पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान खेतों की तरफ से एक साथ ब्रेजा, स्कॉर्पियो और इनोवा कार आती दिखाई दी। पुलिस गाड़ी देखकर सबसे आगे चल रही ब्रेजा के चालक ने गाड़ी मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में पड़े कटे हुए लकड़ी के लट्ठों से टकराकर कार रुक गई। इसके बाद तीनों गाड़ियों में सवार लोग गाड़ियां छोड़कर खेतों की ओर भागने लगे। दो तस्कर गिरफ्तार, चार फरार SP धर्मेंद्र सिंह ने बताया- पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया। जबकि चार अन्य लोग खेतों और झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कपासन के केसरखेड़ी निवासी प्रहलाद पुरी (25) और जोधपुर जिले के बनाड़ थाना क्षेत्र के जाजीवाल बिश्नोईयान रमेश विश्नोई (50) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में पुलिस ने इस पूरे मामले में 10 अन्य लोगों को भी नामजद किया है, जिनकी तलाश लगातार जारी है। गाड़ियों से मिला डोडाचूरा और पिस्टल SP धर्मेंद्र सिंह ने बताया- तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो से 424.800 किलोग्राम और इनोवा से 408.740 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। दोनों गाड़ियों से कुल 833.540 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया गया। पुलिस ने तीनों लग्जरी वाहन भी जब्त कर लिए हैं। इसके अलावा स्कॉर्पियो चला रहे रमेश विश्नोई के पास से एक अवैध पिस्टल, उसकी मैगजीन और छह जिंदा कारतूस भी मिले। इस आधार पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के साथ-साथ आर्म्स एक्ट में भी मामला दर्ज किया है। पूरे मामले की जांच भदेसर थाना प्रभारी विनोद मेनारिया को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई और अहम खुलासे होने की संभावना है।