चित्तौड़गढ़ शहर के प्रतापनगर क्षेत्र में दिनदहाड़े ठगी की एक घटना सामने आई है, जहां दो बाइक सवार बदमाशों ने एक बुजुर्ग को झांसे में लेकर उसकी सोने की अंगूठी ठग ली और मौके से फरार हो गए। घटना प्रतापनगर सिंधी कॉलोनी की है। जानकारी के अनुसार 85 वर्षीय आत्माराम मलकानी अपने घर से झूलेलाल मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे जैसे ही वे कॉलोनी के रास्ते में पहुंचे, तभी दो युवक बाइक पर सवार होकर उनके पास आए और बातचीत शुरू कर दी। प्रसाद और दान के नाम पर बनाया शिकार बदमाशों ने बहुत चालाकी से बुजुर्ग को अपने जाल में फंसाया। पहले एक युवक ने आत्माराम को 1000 रुपए दिए और कहा कि वह मंदिर में प्रसाद चढ़ाकर लोगों में बांट दें। साथ ही उसने बिस्किट के पैकेट भी दिए। जब बुजुर्ग ने मना किया तो दूसरे युवक ने 500 रुपए और पकड़ाते हुए कहा कि यह उसकी तरफ से दान है और वे भी इसे भगवान को चढ़ा दें। बातचीत के दौरान बदमाशों ने कहा कि वे प्रसाद पर एक निशान लगाना चाहते हैं, इसके लिए अंगूठी को थोड़ा ढीला कर नीचे करने को कहा। भरोसे में आकर बुजुर्ग ने जैसे ही अंगूठी ढीली की, एक युवक ने झपट्टा मारकर अंगूठी छीन ली और तुरंत बाइक पर बैठकर अपने साथी के साथ फरार हो गया। चिल्लाने पर जुटे लोग, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी अंगूठी छीने जाने के बाद जब आत्माराम को ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश काफी दूर निकल चुके थे। लोगों ने तुरंत बुजुर्ग के परिजनों को सूचना दी और पुलिस को भी खबर दी गई। मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों देखे और आगे की जांच शुरू कर दी है ताकि आरोपियों तक पहुंच सके। पहले से थी जानकारी, रैकी की आशंका पीड़ित के बेटे विनोद मलकानी ने सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि उनके पिता अक्सर मंदिर में प्रसाद बांटते हैं और ऐसा लगता है कि बदमाशों को इसकी पहले से जानकारी थी। इसी वजह से उन्होंने पूरी योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने यह भी बताया कि बदमाश घटना के बाद गुरुनानक बेकरी की तरफ से होते हुए प्रतापनगर चौराहे की ओर भागे। पुलिस अब मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने की कोशिश में जुटी है।