चित्तौड़गढ़ जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने एक फैसला लिया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में हीट वेव यानी लू चलने की चेतावनी दी है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने एक आदेश जारी किया है। इस आदेश में बताया गया है कि 29 अप्रैल से जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों का समय बदल दिया गया है। अब प्री-प्राइमरी से लेकर 12वीं तक के सभी बच्चों के लिए स्कूल सुबह 7:30 बजे से लेकर दोपहर 11:00 बजे तक ही लगेंगे। प्रशासन का मानना है कि इससे बच्चों को तेज धूप और गर्म हवाओं से बचाया जा सकेगा और उनकी सेहत पर बुरा असर नहीं पड़ेगा। आंगनबाड़ी केन्द्रों में छुट्टी, घर पर मिलेगा पोषाहार सिर्फ स्कूल ही नहीं, बल्कि जिले के सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों के लिए भी खास निर्देश जारी किए गए हैं। आदेश के अनुसार आंगनवाड़ी केन्द्रों में आने वाले बच्चों और महिलाओं के लिए फिलहाल छुट्टी घोषित कर दी गई है। यानी लाभार्थियों को केन्द्र पर बुलाने के बजाय अब उन्हें घर पर ही पोषाहार दिया जाएगा। इसके लिए टेक होम राशन (THR) की व्यवस्था की गई है, जिससे लोगों को धूप में बाहर आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह फैसला खासकर छोटे बच्चों और गर्भवती महिलाओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, क्योंकि इस समय तेज गर्मी उनके लिए ज्यादा खतरनाक हो सकती है। स्टाफ को रहना होगा ड्यूटी पर हालांकि बच्चों और लाभार्थियों को राहत दी गई है, लेकिन स्कूल और आंगनबाड़ी केन्द्रों में काम करने वाले स्टाफ को पहले की तरह अपनी ड्यूटी करनी होगी। जिला कलेक्टर ने कहा है कि सभी कर्मचारी तय समय तक अपने काम पर मौजूद रहेंगे और अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। साथ ही जिले के सभी स्कूलों के प्रिंसिपल और संस्था प्रधानों को यह निर्देश दिए गए हैं कि वे इन आदेशों का पूरी तरह पालन करवाएं। आदेश नहीं मानने पर होगी कार्रवाई जिला प्रशासन ने इस आदेश को काफी गंभीरता से लागू करने की बात कही है। अगर कोई स्कूल या संस्था इन नियमों का पालन नहीं करती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत होगी, जिसमें नियम तोड़ने पर कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। जिले में 45 डिग्री पार पहुंचा तापमान बता दें कि चित्तौड़गढ़ में इन दिनों गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे आम जनजीवन पर असर साफ दिखाई दे रहा है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाएं चलने लगती हैं, जिससे लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में प्रशासन के ये फैसले लोगों, खासकर बच्चों के लिए राहत देने वाले माने जा रहे हैं। आने वाले दिनों में अगर गर्मी और बढ़ती है, तो प्रशासन की ओर से और भी कदम उठाए जा सकते हैं।