चित्तौड़गढ़ से होकर गुजरने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों पर मुंबई और आसपास के इलाकों में हो रही लगातार बारिश का असर दिखाई देने लगा है। पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल में कई जगह जलभराव और मध्य रेलवे के दक्षिण-पूर्व घाट सेक्शन में भूस्खलन के कारण रेलवे ने दो ट्रेनों का रूट बदल दिया है। इससे चित्तौड़गढ़, उदयपुर, अजमेर और राजस्थान के अन्य शहरों से महाराष्ट्र और दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों की यात्रा प्रभावित हो सकती है। जलभराव और भूस्खलन के बाद बदला गया ट्रेनों का रूट उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि भारी बारिश और भूस्खलन को देखते हुए दो ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल में कई स्थानों पर जलभराव हो गया है, जबकि मध्य रेलवे के दक्षिण-पूर्व घाट सेक्शन में भूस्खलन के कारण रेल संचालन प्रभावित हुआ है। उदयपुर-मैसूर और मदार-मैसूर ट्रेन बदले मार्ग से चल रही उदयपुर सिटी से मैसूर जाने वाली गाड़ी संख्या 19667, जो 6 जुलाई को रवाना हुई थी, अब अपने नियमित मार्ग के बजाय सूरत, पालधी, जलगांव, मनमाड, दौंड कार्ड केबिन और पुणे होकर संचालित की जा रही है। इसी तरह मदार जंक्शन से मैसूर जाने वाली स्पेशल ट्रेन संख्या 06282, जो 6 जुलाई को रवाना हुई थी, उसे भी इसी बदले हुए मार्ग से चलाया जा रहा है। रेलवे के अनुसार यात्रियों की सुरक्षा और रेल संचालन सुचारु बनाए रखने के लिए यह बदलाव किया गया है। यात्रियों को बढ़ सकती है यात्रा की अवधि रेलवे के अनुसार अगले कुछ दिनों तक यात्रियों को ट्रेनों के देरी से चलने और तय समय से ज्यादा लंबी यात्रा के लिए तैयार रहना पड़ सकता है। इसका असर खासकर चित्तौड़गढ़, उदयपुर, अजमेर और राजस्थान के अन्य शहरों से महाराष्ट्र और दक्षिण भारत की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जरूर जांचें रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मुंबई क्षेत्र में मौसम सामान्य होने तक हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। अगर बारिश जारी रहती है या अन्य जगहों पर जलभराव और भूस्खलन की स्थिति बनती है तो कुछ और ट्रेनों के संचालन में भी बदलाव किया जा सकता है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति जरूर जांच लें। बिना जानकारी के यात्रा शुरू करने पर स्टेशन पर इंतजार करना पड़ सकता है। दक्षिण भारत की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करने की सलाह दी गई है।