चित्तौड़गढ़ में लोगों को बारिश का इंतजार है। हर रोज सुबह मौसम बदलात है लेकिन बादल बरस नहीं रहे है। जिसके कारण लोगों को गर्मी और उसम की मार झेलनी पड़ रही है। बुधवार सुबह से ही मौसम पूरी तरह साफ है। तेज धूप निकलने से गर्मी का असर और बढ़ गया। हवा में नमी 77 से 80 प्रतिशत तक दर्ज की गई। जिसके कारण लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। तेज गर्मी के चलते अब पंखे और कूलर भी फेल होते नजर आ रहे है। लगातार बढ़ रही उमस के कारण लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है और अब सभी को अच्छी बारिश का इंतजार है। लगातार बढ़ रहा तापमान जिले में तापमान भी धीरे-धीरे ऊपर चढ़ रहा है। बुधवार को अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में नमी अधिक होने से यह तापमान सामान्य से ज्यादा महसूस हो रहा है। गर्मी और उसम से लोग परेशान दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आने लगी हैं और जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। डॉक्टर भी इस मौसम में ज्यादा पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप से बचने की सलाह दे रहे हैं। मौसम का यही हाल रहा तो अगले एक-दो दिन तक लोगों को उमस और गर्मी दोनों का असर झेलना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने जताई राहत की उम्मीद हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि लोगों को ज्यादा दिनों तक इस परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में मानसून की गतिविधियां तेज हो रही हैं और बहुत जल्द इसका असर चित्तौड़गढ़ में भी दिखाई देगा। 2 जुलाई से जिले में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है, जबकि 5 जुलाई तक बारिश का दौर और तेज हो सकता है। इस दौरान कई इलाकों में तेज हवा, आंधी और अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए येलो अलर्ट भी जारी किया है। अगर अनुमान सही रहा तो बारिश से बढ़ी हुई उमस से राहत मिलेगी, तापमान में गिरावट आएगी और किसानों के साथ आम लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी।