चित्तौड़गढ़ जिला फुटबॉल संघ के बैनर तले सोमवार से अंडर-20 स्टेट फुटबॉल कॉम्पिटीशन होने जा रहा है। यह चार दिवसीय प्रतियोगिता होगी। चित्तौड़गढ़ को पहली बार इस प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है। लोकल फुटबॉल प्लेयर्स को मिलेगा मौका यह फुटबॉल टूर्नामेंट 9 अप्रैल तक चलेगा। पूरे राजस्थान से टीमें इसमें हिस्सा लेंगी। आयोजकों का कहना है कि इस तरह के बड़े टूर्नामेंट से न केवल जिले में फुटबॉल को बढ़ावा मिलेगा बल्कि इससे जुड़े खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का नया प्लेटफॉर्म मिलेगा। स्थानीय खिलाड़ियों में कॉम्पिटीशन को लेकर काफी उत्साह है। 27 टीमें उतरेंगी, दो मैदानों में एक साथ होंगे मुकाबले इस स्टेट लेवल कॉम्पिटीशन में अजमेर, कोटा, बीकानेर, हनुमानगढ़, जोधपुर सहित विभिन्न जिलों की कुल 27 टीमें भाग लेंगी। इन टीमों के करीब 500 खिलाड़ी मैदान में अपना दमखम दिखाने उतरेंगे। मुकाबलों के लिए जिले के सैनिक स्कूल के दो फुटबॉल मैदानों पर मैच खेले जाएंगे। दोनों ही मैदानों पर एक साथ मैच खेले जाएंगे और प्रतिदिन 10 से 12 मुकाबले आयोजित होंगे। उद्घाटन मैच डूंगरपुर और जयपुर के बीच चार दिवसीय कॉम्पिटीशन में कुल 25 मैच खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के लिए टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। इससे मैचों का आयोजन आसानी से किया जा सके। सभी मैचों के संचालन के लिए रेफरी राजस्थान फुटबॉल एसोसिएशन की ओर से नियुक्त किए गए हैं। उद्घाटन मैच डूंगरपुर और जयपुर के बीच खेला जाएगा, जबकि दूसरा मुकाबला सिरोही और पाली की टीमों के बीच होगा। प्रतियोगिता में दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। बेहतर खिलाड़ियों को नेशनल लेवल पर मिलेगा मौका स्थानीय कोच शाहीद हुसैन का कहना है कि इस तरह के बड़े टूर्नामेंट में खेलने से लोकल खिलाड़ियों को अच्छा एक्सपोजर मिलता है। अच्छा खेलने वाले प्लेयर्स को स्स्टेट टीम में भी जगह मिल सकती है। यही स्टेट टीम आगे चलकर नेशनल लेवल पर छत्तीसगढ़ में होने वाली सीरीज में भाग लेगी। आयोजन में राजस्थान फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव दिलीप शेखावत भी मौजूद रहेंगे। मेजबान के रूप में चित्तौड़गढ़ जिला फुटबॉल संघ की टीम भी इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी। इंटरनेशनल स्टैंडर्ड का रखा जाएगा ध्यान सभी मैच इंटरनेशनल स्टैंडर्ड के अनुसार ही संचालित किए जाएंगे। इसके लिए राजस्थान फुटबॉल एसोसिएशन ने अनुभवी रेफरी नियुक्त किए हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन सोमवार सुबह 10 बजे सैनिक स्कूल परिसर स्थित फुटबॉल ग्राउंड पर किया जाएगा। जिला फुटबॉल संघ के संयुक्त सचिव धर्मेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि इस आयोजन को जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष पूरण आंजना की अगुवाई में तैयार किया गया है। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक चंद्रभान सिंह आक्या मौजूद रहेंगे।