चित्तौड़गढ़ में कई दिनों से पड़ रही तेज धूप, गर्मी और उमस के बीच रविवार को मौसम ने करवट ली। सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने दिनभर बादल, तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताते हुए जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 20 जुलाई से मानसून दोबारा सक्रिय होगा, जबकि 22 जुलाई से अच्छी बारिश के संकेत हैं। रविवार सुबह बदला मौसम, गर्मी से मिल सकती है राहत चित्तौड़गढ़ में पिछले कई दिनों से बारिश नहीं होने के कारण गर्मी और उमस लगातार बढ़ रही थी। तेज धूप की वजह से दिन के समय बाहर निकलना मुश्किल हो रहा था और लोग चिपचिपी गर्मी से परेशान थे। रविवार सुबह मौसम का मिजाज कुछ बदला हुआ नजर आया। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे, जिससे धूप का असर कुछ कम हुआ। हालांकि हवा में नमी बनी रहने से उमस पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। मौसम विभाग ने आज के लिए बादल छाए रहने, बीच-बीच में तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। इसी को देखते हुए जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। यदि बारिश होती है तो पिछले कई दिनों से गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिल सकती है। बारिश थमने से बढ़ा तापमान, उमस ने बढ़ाई परेशानी बारिश का सिलसिला रुकने के बाद जिले में तापमान फिर से बढ़ने लगा है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले 48 घंटे के आंकड़ों में अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। तापमान में ज्यादा अंतर नहीं होने के बावजूद हवा में नमी और तेज धूप के कारण लोगों को दिनभर उमस का सामना करना पड़ रहा है। सुबह और शाम भी मौसम में ज्यादा राहत महसूस नहीं हो रही थी। ऐसे में रविवार सुबह बादलों की मौजूदगी ने मौसम में बदलाव के संकेत जरूर दिए हैं, लेकिन लोगों की नजर अब बारिश पर टिकी हुई है। 20 जुलाई से फिर सक्रिय होगा मानसून, 22 जुलाई से भारी बारिश के संकेत मौसम विभाग के अनुसार चित्तौड़गढ़ और आसपास के इलाकों में 20 जुलाई से मानसून दोबारा एक्टिव होने की संभावना है। विभाग का अनुमान है कि 20 और 21 जुलाई को कई जगह मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, तेज हवा और बारिश हो सकती है। इसके बाद 22 जुलाई से जिले में तेज से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसी को देखते हुए विभाग ने संबंधित अलर्ट भी जारी किया है। अगर अनुमान सही साबित होता है तो जिले में लंबे अंतराल के बाद अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है। इससे तापमान में गिरावट आएगी, किसानों को भी फायदा होगा और लोगों को गर्मी व उमस से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।