चित्तौड़गढ़ में मौसम विभाग के अलर्ट के बावजूद आंधी और बारिश की गतिविधियां देखने को नहीं मिली हैं। दो दिनों तक आसमान में हल्के बादल जरूर नजर आए, लेकिन बारिश नहीं हुई। इधर, अगले सपताह यानी 7 अप्रैल से एक बार फिर आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि मौसम में हल्का बदलाव जरूर दर्ज किया गया है। पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 3.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। इसके बावजूद दिन में गर्मी का असर बना रहा। लोगों को उम्मीद थी कि बारिश से राहत मिलेगी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। राजस्थान में सबसे ज्यादा तापमान चित्तौड़गढ़ में तापमान की बात करें तो चित्तौड़गढ़ पूरे राजस्थान में सबसे गर्म रहा है। यहां का अधिकतम तापमान राज्य में सबसे ज्यादा दर्ज किया गया है। शनिवार को अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस था। यानी दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं आया। दिन में तेज धूप और गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। जानें-अगले सपताह कैसा रहेगा मौसम 6 अप्रैल: मौसम बदलेगा, नया सिस्टम होगा एक्टिव मौसम विभाग के अनुसार 6 अप्रैल की दोपहर बाद मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। एक नया और मजबूत वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने जा रहा है, जिसका असर चित्तौड़गढ़ सहित आसपास के इलाकों में भी देखने को मिलेगा। इस सिस्टम के कारण तेज हवाएं चलने, बादल छाने और बारिश होने की संभावना जताई गई है। विभाग का कहना है कि इस बार मौसम का बदलाव पहले की तुलना में ज्यादा प्रभावी हो सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। 7 अप्रैल: ओलावृष्टि की भी संभावना मौसम विभाग ने 7 अप्रैल को इस वेस्टर्न डिस्टरबेंस का सबसे ज्यादा असर बताया है। इस दिन चित्तौड़गढ़ में तेज आंधी और बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। इसी को देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। प्रशासन और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, खासकर किसानों को फसलों को लेकर सावधानी बरतने को कहा गया है, क्योंकि ओलावृष्टि से नुकसान हो सकता है। 8 अप्रैल: मौसाम होगा सामान्य मौसम विभाग के अनुसार 8 अप्रैल को मौसम एक बार फिर साफ और शुष्क हो सकता है। यानी एक दिन के बदलाव के बाद फिर से गर्मी बढ़ने के आसार हैं। अगर बारिश होती है तो इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।