चूरू में चार दिवसीय सैन जयंती समारोह का आगाज सैन प्रीमियर लीग से होगा। यह समारोह 11 से 14 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। समारोह की शुरुआत 11 और 12 अप्रैल को क्रिकेट प्रतियोगिता से होगी। क्रिकेट प्रतियोगिता सेठाणी जोहड़ खेल मैदान में सुबह 5:30 बजे शुरू होगी। चूरू सैन सेवा समिति के अध्यक्ष जगदीश अजाड़ीवाल ने बताया कि पहला मुकाबला कैप्टन इलेवन और कालोया इलेवन के बीच खेला जाएगा। प्रतियोगिता में कुल छह टीमें हिस्सा लेंगी। समारोह के तीसरे दिन, 13 अप्रैल को सैन मंदिर में दोपहर 1:15 बजे मेहंदी और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसी दिन महिलाएं कीर्तन करेंगी। 13 अप्रैल की रात को सैन जी महाराज का जागरण होगा, जिसमें अंचल के संत और महंत भजनों की प्रस्तुति देंगे। अंतिम दिन, 14 अप्रैल को सुबह 9 बजे सैन मंदिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए वापस सैन मंदिर पहुंचेगी। दोपहर 12:15 बजे पारितोषिक वितरण और समाज की प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 1 बजे मंदिर में समाज के लोगों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई है। समिति अध्यक्ष अजाड़ीवाल ने बताया कि समारोह को सफल बनाने के लिए समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता व्यवस्थाओं में जुटे हैं। उन्होंने टीमों से निर्धारित समय पर खेल मैदान पहुंचने का आग्रह किया है ताकि मैच समय पर शुरू हो सकें।