चूरू में पत्रकार पर हुए हमले के विरोध में मंगलवार को पत्रकार संगठनों ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। राजस्थान श्रमजीवी पत्रकार संघ, चूरू जिला पत्रकार संघ और आईएफडब्ल्यूजे ने एसपी निश्चय प्रसाद एम से तत्काल कार्रवाई करते हुए हमलावर को गिरफ्तार करने की मांग की। एसपी निश्चय प्रसाद एम ने इस हमले की निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पत्रकारों को समाज का आईना बताते हुए कहा कि वे समाज की कुरीतियों और अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति की आवाज प्रशासन तक पहुंचाते हैं। उनके अधिकारों का हनन स्वीकार्य नहीं है। वरिष्ठ पत्रकार जेपी जोशी ने बताया कि वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र सिंह शेखावत पर यह हमला नशे से संबंधित खबर चलाने के कारण हुआ। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि यदि जिला मुख्यालय पर ही पत्रकार सुरक्षित नहीं हैं, तो दूरदराज के क्षेत्रों में स्थिति क्या होगी। राजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि उन्होंने 2 जुलाई को एफसीआई गोदाम के सामने स्थित बड़ का बालाजी मंदिर में चल रहे नशेड़ियों के अड्डे से गिरफ्तारी की खबर प्रसारित की थी। इसी के प्रतिशोध में 4 जुलाई को रात सवा आठ बजे एक अज्ञात बदमाश ने घात लगाकर उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ पर गंभीर चोटें आईं। शेखावत ने 5 जुलाई को चूरू कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया था। हालांकि, घटना के 48 घंटे बीत जाने के बाद भी हमलावर पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। इस अवसर पर उपस्थित पत्रकारों में जेपी जोशी, देवराज लाटा, प्रेम शर्मा, राहुल शर्मा, विजय सारस्वत, ओम प्रकाश शर्मा, पवन शर्मा, किशन उपाध्याय, ललित चौहान, राजस्थान श्रमजीवी पत्रकार संघ अध्यक्ष देश दीपक किरोड़ीवाल, तहसील अध्यक्ष नरेश पारीक, बजरंगलाल सैनी, मो अली पठान, अख्तर मुगल, मनोज शर्मा और जमील चौहान शामिल थे।