चूरू पुलिस ने जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए आठ बदमाशों को हिस्ट्रीशीटर घोषित किया है। इन सभी के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, लूट, अवैध हथियार, धमकी, चोरी और अवैध वसूली सहित गंभीर धाराओं में आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के बाद इन अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। क्यों खोली गई हिस्ट्रीशीट पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, ये सभी अपराधी लगातार आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। बार-बार कानून तोड़ने और अपने क्षेत्रों में भय का माहौल बनाने के कारण इन्हें निगरानी सूची में शामिल किया गया है। पुलिस का मानना है कि हिस्ट्रीशीट खुलने से इनकी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने और भविष्य में अपराध रोकने में मदद मिलेगी। एसपी ने बताई कार्रवाई की वजह पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने बताया कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर नकेल कसने के उद्देश्य से आठ नई हिस्ट्रीशीट खोली गई हैं। उन्होंने कहा कि इन अपराधियों के लगातार आपराधिक कृत्यों के कारण कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी रहती थी। इसी आधार पर उनकी हिस्ट्रीशीट खोलकर नियमित निगरानी रखने की अनुशंसा की गई। अब रहेगी हर गतिविधि पर नजर हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद पुलिस इन अपराधियों की आवाजाही, आपराधिक प्रवृत्तियों और संदिग्ध गतिविधियों पर नियमित नजर रखेगी। पुलिस का कहना है कि इस व्यवस्था से किसी भी संभावित आपराधिक वारदात पर समय रहते अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। किन अपराधियों की खुली हिस्ट्रीशीट नई हिस्ट्रीशीट में सरदारशहर थाना क्षेत्र के रामसीसर भेड़वालिया निवासी 31 वर्षीय शीशपाल सहारण, सुभाष और गाजुसर निवासी प्रदीप छींपा उर्फ पीसी शामिल हैं। शीशपाल के खिलाफ 11, जबकि सुभाष और प्रदीप उर्फ पीसी के खिलाफ 9-9 मामले दर्ज हैं। सदर थाना क्षेत्र के बूंटिया निवासी किशन उर्फ कृष्णियां के खिलाफ सात मामले दर्ज हैं। भालेरी थाना क्षेत्र के जोड़ी पट्टा सात्यूं निवासी सोनू उर्फ सोमवीर उर्फ शूटर के खिलाफ नौ मामले दर्ज हैं। रतनगढ़ थाना क्षेत्र के विनय शर्मा के खिलाफ आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा सालासर और राजलदेसर थाना क्षेत्रों में भी एक-एक नई हिस्ट्रीशीट खोली गई है।