चूरू में शुक्रवार शाम मौसम का मिजाज बदल गया। आसमान में घने बादल छा गए और ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। गुरुवार रात हुई बारिश के कारण दिन और रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को सुबह से ही आसमान में बादलों का आना-जाना लगा रहा। शाम करीब छह बजे आसमान पूरी तरह बादलों से घिर गया और ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि प्रदेश के अधिकांश भागों में 10 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी। हालांकि, उत्तरी और पूर्वी भागों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी रहेगी, जबकि शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। जून माह के अंत में हुई बारिश के बाद किसानों ने खेतों में बुवाई कर दी थी। अब यदि अच्छी बारिश होती है, तो किसानों को काफी फायदा मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को चूरू में अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।