मरूधरा में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। पिछले तीन दिनों से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ते ही बादलों की विदाई हो गई है। बुधवार को दिन भर खिली रही चटख धूप। आगे झुलसाने वाली गर्मी और लू के थपेड़ों का दौर शुरू होने वाला है। फिलहाल तो बारिश और ओलावृष्टि के असर से रातें अब भी खुशनुमा हैं; बुधवार को न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, संभाग के ऊपर बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन आगे बढ़ चुका है, जिससे हवा में नमी कम हो गई है। बुधवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा। भले ही यह सामान्य है, लेकिन आसमान साफ होने से सूरज की किरणें अब सीधे चुभने लगी हैं। अगले 48 घंटों में तापमान 2 से 3 डिग्री बढ़ेगा। 12 अप्रैल तक पारा 35 डिग्री के पार जाने और पश्चिमी शुष्क हवाओं के साथ धूल उड़ने की संभावना है। असली चुनौती 13 अप्रैल के बाद आएगी, जब तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।