जिला कलेक्टर अवधेश मीना ने शनिवार को परबतसर उपखंड के पीह गांव में किसानों के खेतों पर चल रही उन्नत बागवानी गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कृषि क्षेत्र में अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों और नवाचारों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने ऑटोमेशन आधारित सिंचाई एवं प्रबंधन प्रणाली की सराहना की और इसे किसानों के लिए उपयोगी बताया। उन्होंने पॉली हाउस में उगाई जा रही उच्च गुणवत्ता वाली टमाटर, शिमला मिर्च और खीरे की फसलों का भी अवलोकन किया, साथ ही इनके विस्तार पर जोर दिया। कलेक्टर ने खेत तालाब (फार्म पॉन्ड) का निरीक्षण कर जल संरक्षण और सिंचाई प्रबंधन की प्रभावशीलता को समझा। उन्होंने खजूर (डेट पाम), आंवला और नींबू वर्गीय (साइट्रस) बागों का भी दौरा किया। इस अवसर पर, उन्होंने किसानों से संवाद किया और उनकी समस्याएं व सुझाव सुने। कलेक्टर ने कहा कि आधुनिक बागवानी तकनीकों को अपनाकर किसान अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं। जिला कलेक्टर ने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन और उद्यानिकी विभाग किसानों को हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे किसानों को नई तकनीकों की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सक्रिय रूप से कार्य करें।