मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम चारभुजानाथ मंदिर, गढ़बोर में रविवार को भक्ति और आस्था का संगम दिखा। मंदिर में ठाकुरजी का विशेष श्रृंगार किया गया। उन्हें नाना प्रकार के अस्त्र-शस्त्र धारण कराए गए। इससे श्रृंगार दर्शन मनोहारी रहे। मंदिर परिसर को स्थानीय पुष्प सज्जाकार ने फूलों से सजाया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी के दर्शन किए। महिलाओं ने ठाकुरजी के सामने बैठकर भजन-कीर्तन किया। माहौल भक्तिमय रहा। मन्नत पूरी होने पर प्रतापगढ़ के बायती परिवार के साथ कई श्रद्धालु सिर पर भोग की थाल लेकर दरबार पहुंचे। विधिवत मनोरथ कराया। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने राजभोग आरती के दर्शन किए। राजभोग प्रसाद ग्रहण किया। रविवार और अन्य अवकाश के दिनों में परिवार सहित आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहती है। इसी कारण परिसर में दिनभर मेले जैसा माहौल रहा। भक्तों की लगातार आवाजाही होती रही।