दौसा की मेहंदीपुर बालाजी थाना पुलिस और साइबर सेल ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गैंग का पर्दाफाश किया है। टीम ने फायरिंग और मारपीट के मामले में फरार चल रहे 2 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिन पर प्रदेश सहित कई राज्यों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। फरार चल रहे थे आरोपी थाना इंचार्ज गौरव प्रधान ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में प्रवीण उर्फ रिंकू लालपुर और सुरेन्द्र मीणा उर्फ सुरेन्द्र सांकरवाड़ा शामिल हैं। दोनों आरोपी लूट, डकैती, हत्या, हत्या के प्रयास, वाहन चोरी और अपहरण जैसे दर्जनों मामलों में वांटेड थे। जिले के बैजूपाड़ा थाना क्षेत्र में फायरिंग और मारपीट की घटना के बाद से फरार चल रहे थे। जांच में सामने आया कि गैंग का सरगना रिंकू लालपुर पिछले करीब 15 वर्षों से सक्रिय था और कई राज्यों में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने जयपुर, अलवर, सवाई माधोपुर, दिल्ली, हरियाणा, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और गुजरात से वाहन चोरी करना स्वीकार किया है। 2 कार व फर्जी नंबर प्लेट बरामद एसपी सागर राणा के निर्देशन में थाना इंचार्ज गौरव प्रधान व साइबर सेल प्रभारी प्रेमनारायण शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो लग्जरी वाहन (क्रेटा और i-20), 6 फर्जी नंबर प्लेट, एक POLICE नेम प्लेट, 2 फास्टैग, एक मास्टर चाबी और 4 ब्लैंक चाबियां बरामद की हैं। कार्रवाई में साइबर सेल के हेड कांस्टेबल जगमाल सिंह की विशेष भूमिका रही, जो पिछले एक वर्ष से इस गैंग को ट्रैक कर रहे थे। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और आने वाले दिनों में कई और वारदातों के खुलासे होने की संभावना है।