दौसा जिले में लगातार दूसरे दिन भी मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला है। यहां शुक्रवार रात तेज अंधड के साथ हल्की बारिश हुई थी। इसके बाद शनिवार को दिनभर मौसम साफ रहा, लेकिन शाम ढलने से पहले आसमान में घने बादल छा गए। करीब 5 बजे तेज अंधड के साथ धूल का गुबार छा गया और बारिश हुई। इसके बाद जिले के सिकराय, मेहंदीपुर बालाजी और महवा क्षेत्र के गांवों में मध्यम बारिश हुई। ऐसे में दूसरे दिन भी तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से जनजीवन को प्रभावित हो गया। जिले के कई गांवों में बेर के आकार के ओले गिरने से फसलों में नुकसान हुआ है। वहीं तेज हवा से कच्चे मकानों, टीन-टप्पर और छप्परपोश घरों को भी नुकसान पहुंचाया है। कई जगह पेड़ उखड़कर गिर गए और बिजली सप्लाई भी प्रभावित हुई। यहां बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बता दें कि मौसम विभाग ने भी 4 व 5 अप्रैल तक अंधड़ और बारिश का अलर्ट जारी किया था।