दौसा में अज्ञात जंगली जानवर के हमले में 20 भेड़ों की मौत हो गई। घटना बीती रात सैंथल थाना क्षेत्र के चांदराना गांव की है। सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। आशंका जताई जा रही है कि ये हमला लेपर्ड ने किया था। शोर सुनकर पहुंचे तो मरी मिली भेड़ें जानकारी के अनुसार मीठालाल गुर्जर के बाडे़ में रात को घुसे अज्ञात जंगली जानवर ने 20 भेड़ों को हमलाकर मार डाला। देर रात शोर सुनकर मीठालाल संभालने पहुंचा तो भेड़ें मरी हुई और घायल हालत में मिलीं। मदद के लिए चिल्लाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पर सैंथल थाना पुलिस और वनकर्मियों ने बाड़े का मुआयना किया। विधायक भी पहुंचे, लेपर्ड के हमले की आशंका घटना की जानकारी मिलने पर शनिवार सुबह विधायक दीनदयाल बैरवा भी मौके पर पहुंचे और पशुपालक मीठालाल को सांत्वना दी। डॉक्टर्स की टीम ने घायल भेड़ों का इलाज किया। वन विभाग ने लेपर्ड के हमले की आशंका जताई है। थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि सूचना के बाद टीम मौके पर पहुंची थी। वन विभाग के नियमानुसार पीड़ित को मुआवजा दिया जाएगा।