दौसा कलेक्ट्रेट में सोमवार को जिला विद्युत समिति (DEC) की बैठक हुई। बैठक में सांसद मुरारी लाल मीणा ने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान में शामिल गांवों के हर पात्र परिवार को फ्री घरेलू बिजली कनेक्शन तय समय पर देने की बात कही। अधिकारियों ने बताया कि जिले के 282 गांवों में अब तक 1 हजार 344 फ्री घरेलू बिजली कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं। इस पर सांसद ने बाकी परिवारों को भी जल्द कनेक्शन देने की बात कही। विद्युत वितरण क्षेत्र योजना की समीक्षा बैठक में पुनर्गठित विद्युत वितरण क्षेत्र योजना (RDSS) के तहत कामों की समीक्षा में अधिकारियों ने बताया- योजना के अंतर्गत 13 नए 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। इसके अलावा 12 नए 33 केवी फीडरों का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही 126 नए 11 केवी फीडरों का निर्माण, 199 फीडरों का पृथक्कीकरण, 163 फीडरों पर नए वितरण ट्रांसफार्मरों की स्थापना तथा 152 फीडरों पर निम्न दाब (एलटी) केबल बिछाने का कार्य किया जा रहा है। जिले में अब तक योजना के लगभग 55 प्रतिशत काम पूरे हो चुके हैं। बैठक में कलेक्टर डॉ. सौम्या झा, विधायक डीसी बैरवा, जिला प्रमुख हीरालाल सैनी, बिजली निगम एसई एमएल मीणा समेत विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर के निर्देश- फ्री होल्ड पट्टों एवं भू-उपयोग परिवर्तन प्रकरणों में लाएं तेजी कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने शहरी सेवा शिविरों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लीज होल्ड से फ्री होल्ड पट्टों के निस्तारण एवं भू-उपयोग परिवर्तन सहित विभिन्न प्रकरणों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा- शिविरों का उद्देश्य आमजन को त्वरित राहत उपलब्ध कराना है, इसलिए प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्ता के साथ त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने विभिन्न श्रेणियों में प्राप्त आवेदनों, उनके निस्तारण एवं लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने फायर एनओसी से संबंधित कार्रवाई की समीक्षा करते हुए कहा- जिन भवनों के लिए फायर एनओसी जरूरी है और अब तक प्राप्त नहीं की गई है, उन्हें नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रगति संबंधी डाटा समय पर अपलोड करने, घुमंतू एवं अर्द्ध-घुमंतू जातियों का सर्वेक्षण कर पात्र व्यक्तियों को पट्टे जारी करने तथा शिविरों के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में नालियों की सफाई, स्ट्रीट लाइट सुधार, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, भवन मानचित्र स्वीकृति, धारा 69-ए के अंतर्गत पट्टे जारी करने सहित विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में एडीएम अरविंद शर्मा, मनमोहन मीणा, जिला परिषद के सीईओ बिरदीचंद गंगवाल, एसडीएम संजू मीणा, नगर विकास न्यास के सचिव गंगाधर मीणा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। 30 जून को इन ग्राम पंचायतों में लगेंगे ग्रामीण सेवा शिविर अतिरिक्त जिला कलक्टर दौसा अरविंद शर्मा ने बताया कि 30 जून मंगलवार को दौसा ब्लॉक के भांकरी, बांदीकुई ब्लॉक के धनावड़ व प्रतापपुरा, सिकराय ब्लॉक के नांदरी व पीलोड़ी, महवा ब्लॉक के रसीदपुर, मंडावर ब्लॉक के भेदाड़ी मीनान, लालसोट ब्लॉक के बिलौना कलां, नांगल राजावतान ब्लॉक के कालीखाड़, रामगढ़ पचवारा ब्लॉक के गांगल्यावास, लवाण ब्लॉक के ढिगारिया तथा सैंथल ब्लॉक के काली पहाड़ी में शिविर आयोजित किए जाएंगे।