रेलवे की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 15 करोड़ रुपए की लागत से दौसा रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को पंजाब के जालंधर से आयोजित कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से इसका उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही राजस्थान के सात अन्य रेलवे स्टेशनों का भी लोकार्पण किया जाएगा। राजस्थान के 8 रेलवे स्टेशनों का होगा उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के 75 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे। इनमें राजस्थान के दौसा, बाड़मेर, डीग, गंगापुर सिटी, गोटन, जैसलमेर, खैरथल और सोमेसर रेलवे स्टेशन शामिल हैं। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि इन स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास किया गया है। स्टेशन भवनों को आधुनिक स्वरूप देने के साथ यात्री सुविधाओं का विस्तार किया गया है। दौसा स्टेशन पर प्रतिदिन 15 हजार यात्री करते हैं सफर दिल्ली-अहमदाबाद रेल मार्ग पर स्थित दौसा रेलवे स्टेशन महत्वपूर्ण स्टेशनों में शामिल है। स्टेशन पर वर्तमान में 74 ट्रेनों का ठहराव है और यहां से प्रतिदिन औसतन 15 हजार यात्री यात्रा करते हैं। बढ़ते यात्री भार को देखते हुए स्टेशन का करीब 15 करोड़ रुपए की लागत से पुनर्विकास किया गया है। स्टेशन भवन को दिया गया आधुनिक स्वरूप पुनर्विकास कार्य के तहत स्टेशन भवन को पूरी तरह नवीनीकृत किया गया है। सर्कुलेटिंग एरिया को सुविधा क्षेत्र के रूप में विकसित किया गया है तथा अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार बनाए गए हैं। स्टेशन भवन में पोर्च का निर्माण भी किया गया है। स्टेशन के वेटिंग हॉल और भवन के अंदर भारतीय कला, विरासत और संस्कृति को दर्शाने वाले चित्र भी बनाए गए हैं। 4.10 करोड़ रुपए की लागत से बना फुट ओवरब्रिज यात्रियों की सुविधा के लिए 4.10 करोड़ रुपए की लागत से नया फुट ओवरब्रिज बनाया गया है। इसमें रैंप और कवरिंग शेड की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था विकसित की गई है। दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं स्टेशन पर शौचालय ब्लॉकों का आधुनिकीकरण किया गया है। दिव्यांग यात्रियों के लिए हेल्प बूथ, शौचालय, वाटर बूथ, रैंप, अलग पार्किंग, साइन बोर्ड और बैठने की विशेष व्यवस्था की गई है। साथ ही 1.08 करोड़ रुपए की लागत से दो लिफ्ट भी स्थापित की गई हैं। सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर स्टेशन पर ट्रेन इन्फॉर्मेशन बोर्ड और कोच इंडिकेशन बोर्ड लगाए गए हैं। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा जल संरक्षण के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग और वाटर रिसाइक्लिंग प्लांट स्थापित किए गए हैं। ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए सोलर पावर से जुड़े कार्य भी किए गए हैं।