दौसा की कोतवाली थाना पुलिस व साइबर सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 साल से फरार चल रहे एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया है। आरोपी पर 20 हजार रुपए का इनाम घोषित था। मामला साल 2001 का है, जब राजस्थान रोडवेज की बस में हथियारों की नोक पर यात्रियों से लूटपाट की गई थी। घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था और लगातार अपनी पहचान छुपाकर अलग-अलग स्थानों पर रह रहा था। आईजी जयपुर रेंज राहुल प्रकाश एवं एसपी सागर राणा के निर्देशन में टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना के आधार पर यूपी के बिसरख जलालपुर, हिंडन नदी के पास स्थित एक फार्म हाउस से आरोपी को दबोच लिया। क्या था पूरा मामला 23 जुलाई 2001 की रात जयपुर से अलीगढ़ जा रही रोडवेज बस को बदमाशों ने हथियार दिखाकर कब्जे में ले लिया था। बदमाशों ने ड्राइवर को हटाकर बस को सुनसान इलाके में ले जाकर यात्रियों से नगदी, सामान और जेवरात लूट लिए थे। लंबे समय से फरार था आरोपी पुलिस की कई टीमों ने उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में लगातार दबिश दी, लेकिन वह गिरफ्त से बाहर रहा। बाद में न्यायालय ने उसे अपराधी घोषित किया और उस पर इनाम भी घोषित किया गया। कार्रवाई में साइबर सेल की तकनीकी सहायता और हैड कॉन्स्टेबल दशरथ सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।