दौसा जिले में करीब एक सप्ताह बाद रविवार रात से कई इलाकों में बारिश हुई। जिला मुख्यालय पर रविवार देर रात रुक-रुक कर बारिश होती रही। वहीं महवा, बांदीकुई, सिकराय और लालसोट क्षेत्र में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। हालांकि जिले में अभी भी झमाझम बारिश का इंतजार है, लेकिन किसानों का कहना है कि यह हल्की बारिश बाजरे की फसल के लिए काफी फायदेमंद साबित होगी। तापमान में 4 से 6 डिग्री तक गिरावट रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। बारिश के बाद सोमवार को न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम में बदलाव के साथ तापमान में करीब 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। अब तक सामान्य से काफी कम बारिश इस बार जिले में मानसून की रफ्तार काफी धीमी रही है। जुलाई के तीन सप्ताह बीतने के बावजूद जिले में सामान्य मानसून का केवल 16.63 फीसदी यानी 110.56 मिमी औसत बारिश ही दर्ज हुई है। यह पिछले 10 वर्षों में तीसरी सबसे कम बारिश है। इससे पहले वर्ष 2020 में 95.76 मिमी और वर्ष 2017 में 100.76 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। बारिश से किसानों की उम्मीदें बढ़ीं पिछले साल 19 जुलाई तक जिले में 432.25 मिमी यानी 65.01 फीसदी बारिश हो चुकी थी। इस बार अब तक बारिश काफी कम रही है। हालांकि रविवार से फिर बारिश का दौर शुरू होने के बाद किसानों को राहत मिली है। साथ ही खरीफ फसलों की बुवाई में तेजी आने की उम्मीद भी बढ़ गई है।