दौसा में सोमवार देर रात आंधी के साथ हुई बारिश से मौसम बदल गया। हालांकि मंगलवार को उमस से लोगों को काफी परेशानी भी हुई। इधर, मौसम विभाग ने दोपहर बाद जिले में मौसम बदलने की भी संभावना जताई है। ऐसे में करीब तीन से चार दिन जिले में आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। अचानक बदले मौसम के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की कमी आई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। देर रात चली तेज हवाओं ने गर्मी का असर कुछ कम कर दिया है। गर्मी दिखाएगी तेवर हालांकि मंगलवार सुबह होते-होते मौसम पूरी तरह साफ हो गया और सूरज निकलते ही फिर से गर्मी का असर महसूस होने लगा है। यहां न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में फिर से बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी का दौर आगे भी जारी रहेगा। हीटवेव का दौर जारी आईएमडी के जयपुर के अनुसार- फिलहाल अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री के मध्य दर्ज किया जा रहा है। आगामी 24 से 48 घंटे हीटवेव जारी रहने की संभावना है। हालांकि, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने व बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं के प्रभावी होने से दोपहर बाद आगामी 3-4 दिन मेघगर्जन के साथ आंधी (40-50 Kmph) व कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है