दौसा जिले के सिकंदरा कस्बे के बांदीकुई रोड स्थित माली मोहल्ले के पास शनिवार को अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दो युवकों को बालकों के किडनैप के संदेह में लोगों ने पकड़कर पिटाई कर दी। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक सड़क किनारे खड़े दो बच्चों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों को अपहरण की आशंका हुई, जिसके बाद ग्रामीणों ने दोनों युवकों को संदिग्ध मानते हुए घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाकर थाने ले आई। पुलिस ने युवकों से पूछताछ की, लेकिन देर शाम तक इस मामले में कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। पुलिस के अनुसार कि प्रारंभिक जांच में युवकों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और घटना के पीछे की सच्चाई जानने का प्रयास किया जा रहा है।