डीग-भरतपुर रोड पर शनिवार रात माढेरा पुलिस चौकी के पास 2 बाइक में आमने-सामने की टक्कर में 3 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को डीग जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से एक की गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है, जबकि दो अन्य का इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार अलवर जिले के बामोली निवासी राजवीर (30) पुत्र लक्ष्मीनारायण और कलसाड़ा निवासी रामचंद्र (40) पुत्र प्रेम सिंह अपने गांव से डीग के कसौट गांव में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान भरतपुर की ओर से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार हरनेरा नदबई निवासी भीमा (30) पुत्र लालचंद डीग के मसानी मोहल्ले में अपनी ससुराल जा रहा था। माढेरा पुलिस चौकी के पास हुए इस हादसे में दोनों बाइकों पर सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही माढेरा पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत डीग जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बताया कि राजवीर के दाहिने पैर की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है, जिसके कारण उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहीं, रामचंद्र और भीमा का डीग जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद एएसआई रमेश चंद मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। एएसआई रमेश चंद ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि माढेरा पुलिस चौकी के पास दो बाइकों की टक्कर हुई है, जिसमें तीन लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डीग जिला अस्पताल के डॉक्टर गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि दुर्घटना में घायल तीन व्यक्ति अस्पताल लाए गए थे। इनमें से एक युवक के पैर में फ्रैक्चर था, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। अन्य दो घायलों का डीग जिला अस्पताल में इलाज जारी है।