डीग में दुकानदार की हत्या पेट्रोल के पैसे मांगने पर की गई थी। आरोपी ने दुकानदार पर लाठी से वार किए, जिससे उसका सिर फूट गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी। सीकरी थाना पुलिस ने रविवार को आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया। डीग एसपी कांबले शरण गोपीनाथ ने बताया- सीकरी थाना इलाका निवासी अजरुद्दीन ने शनिवार को रिपोर्ट दी थी। बताया था कि उसका भाई यूसुफ (55) निवासी टट्टा का बास गांव में अपने खेतों के बाहर छोटी सी दुकान चलाता था। वह दुकान से ही अवैध पेट्रोल भी बेचता था। शनिवार सुबह जब करीब 5 बजे यूसुफ की पत्नी उसे चाय देने गई तो लहूलुहान हालत में उसकी लाश खाट पर पड़ी थी। उसका मोबाइल फोन भी गायब था। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मोबाइल की लोकेशन को ट्रैस कर आरोपी महेंद्र (30) निवासी नगली बाल, थाना नौगांव जिला अलवर को गिरफ्तार कर लिया है। बाइक में पेट्रोल भरवाया, पैसे देने से किया मना पुलिस पूछताछ में महेंद्र ने हत्या करना कबूल कर लिया। पुलिस ने बताया- महेंद्र सीकरी में रिश्तेदार के घर आया था। इस बीच उसकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया और वह नशे में था। वह सुबह करीब 4 बजे यूसुफ की दुकान पर गया। वहां यूसुफ सो रहा था। उसने यूसुफ को जगाया और बाइक में पेट्रोल डालने को कहा। महेंद्र के पास देने के लिए पैसे नहीं थे। उसने बाइक में पेट्रोल डलवा लिया। जब यूसुफ ने पैसे मांगे तो उसने पैसे देने से मना कर दिया। इसके बाद उसकी यूसुफ से कहासुनी हो गई। गुस्साए महेंद्र ने वहां रखी लाठी उठाई और यूसुफ के सिर पर लगातार 5 से 6 वार किए। यूसुफ के सिर से खून बहने लगा। वह खाट पर गिर पड़ा। इसके बाद महेंद्र उसका मोबाइल लेकर फरार हो गया। मोबाइल लोकेशन ट्रैस कर आरोपी को पकड़ा एसपी ने बताया कि मोबाइल की लोकेशन ट्रैस की गई, जिसके आधार पर महेंद्र को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। महेंद्र की बाइक में पेट्रोल नहीं था। उसके पास पेट्रोल की एवज में देने के लिए पैसे भी नहीं थे, इसलिए कहासुनी के बाद उसने यूसुफ की हत्या कर दी।