डीग सीएमएचओ डॉ. विजय सिंघल ने जिला अस्पताल में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन लगवाकर टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने आमजन को इस टीके के महत्व के प्रति जागरूक भी किया। डॉ. सिंघल ने बताया कि यह टीका पहले केवल निजी अस्पतालों में उपलब्ध था, जिसकी लागत 4 से 5 हजार रुपए प्रति खुराक थी। अब सरकार ने इसे पूरी तरह फ्री कर दिया है, जिससे बड़ी संख्या में लोग इसका लाभ उठा सकेंगे। 9 से 14 साल की बेटी को जरूर लगवाएं टीका सीएमएचओ ने अपनी बेटी के साथ स्वयं टीका लगवाकर समाज को एक सकारात्मक संदेश दिया। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी 9 से 14 साल की बेटियों को यह टीका अवश्य लगवाएं। विशेषज्ञों के मुताबिक, इस आयु वर्ग में टीकाकरण सबसे अधिक प्रभावी होता है। सर्वाइकल कैंसर से रोकथाम के लिए है HPV वैक्सीन डॉ. सिंघल ने यह भी बताया कि एचपीवी वैक्सीन महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर) की रोकथाम में अत्यंत प्रभावी है। भारत सहित विश्वभर में हर साल लाखों महिलाएं इस बीमारी से अपनी जान गंवाती हैं, जिसे समय पर टीकाकरण से काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह पहल महिलाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और सभी पात्र व्यक्तियों को इसका लाभ उठाना चाहिए।