डीग नगर परिषद ने शुक्रवार शाम सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। आयुक्त कुलदीप सिंह के नेतृत्व में शहर के विभिन्न इलाकों में छापेमार कार्रवाई की गई। इस दौरान तीन अलग-अलग प्रतिष्ठानों से भारी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलीथिन थैलियां बरामद की गईं, जिससे दुकानदारों में हड़कंप मच गया। टीम ने सबसे पहले मेला मैदान स्थित सब्जी मंडी क्षेत्र में कार्रवाई की। यहां पातरिया की दुकान से लगभग 263 किलोग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त किया गया। इसके बाद, धीरज किराना स्टोर पर छापा मारा गया, जहां से 45 किलोग्राम पॉलीथिन बरामद हुई। कामां गेट क्षेत्र में खोह वालों की दुकान से भी 16 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक बैग जब्त किए गए। आयुक्त कुलदीप सिंह ने बताया कि सरकार ने सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया हुआ है। इसके बावजूद कुछ व्यापारी नियमों की अनदेखी कर इसका उपयोग और भंडारण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर परिषद लगातार निगरानी रख रही है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अचानक हुई इस कार्रवाई से बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों से प्लास्टिक सामग्री हटाने का प्रयास किया। नगर परिषद की टीम ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाने के साथ-साथ अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। नगर परिषद ने शहरवासियों और व्यापारियों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करने की अपील की है। उन्हें कपड़े या अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को अपनाने का सुझाव दिया गया है। परिषद का उद्देश्य शहर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाना है, जिसके लिए जनसहभागिता को आवश्यक बताया गया है।