डीग में पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को उप जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र परमार ने पहाड़ी क्षेत्र के छह सरकारी स्कूलों में बने 20 मतदान बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने बिजली, पानी, साफ-सफाई और मतदाताओं को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने पहाड़ी उपखंड कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर खास ध्यान देने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को सुरक्षा, बिजली, पानी और साफ-सफाई सुनिश्चित करने साथ ही मतदाताओं की मदद के लिए वालंटियर तैनात करने के निर्देश दिए गए। हरियाणा सीमा से जुड़े मतदान केंद्रों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया। असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। बैठक में एसडीएम जोगेंद्र सिंह गुर्जर, डीएसपी अमर सिंह मीना, विकास अधिकारी विजय जैन और तहसीलदार धर्म सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद थे।