डीग में भाजपा ने जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों की तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला अध्यक्ष सतीश बंसल की अध्यक्षता में हुई बैठक में मंत्री जवाहर सिंह बेढम, विधायक डॉ. शैलेन्द्र सिंह समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे। बैठक में जिला परिषद के 29 वार्डों के संयोजकों और प्रभारियों के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि डीग जिले की पांचों पंचायत समितियों में पार्टी के प्रधान बनेंगे और जिला प्रमुख का पद भी भाजपा को मिलेगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अगुवाई में जिले में 10 हजार करोड़ रुपए के विकास कार्य होने का दावा किया गया। इसे चुनावी मुद्दा बनाने पर जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं से वार्ड स्तर पर संगठन मजबूत कर चुनाव की तैयारी में जुटने को कहा गया। बैठक के दौरान कांग्रेस की महिला जिलाध्यक्ष श्वेता यादव के साथ कथित बर्ताव पर भी भाजपा नेताओं ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसी महिला पदाधिकारी को अपमानित कर बैठक से बाहर करना गलत है।