डीग पुलिस ने वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग मामलों में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में करीब पांच साल से फरार साइबर अपराधी, नाबालिग को ब्लैकमेल कर वसूली करने वाले आरोपी, जेवरात चोरी का आरोपी और किसानों की कृषि मोटरों से केबल चोरी करने वाले संगठित गिरोह का खुलासा शामिल है। एसपी के निर्देश पर चला अभियान डीग एसपी कांबले शरण गोपीनाथ के निर्देश पर जिलेभर में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विभिन्न थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पांच साल से फरार साइबर अपराधी गिरफ्तार कैथवाड़ा थाना पुलिस ने साइबर अपराध के एक मामले में करीब पांच वर्षों से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस मामले में कानून से संघर्षरत एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है। आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और आईटी एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस उनके बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन और अपराध से अर्जित संपत्ति की भी जांच कर रही है। नाबालिग को ब्लैकमेल कर वसूले रुपए और सोना सीकरी थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक नाबालिग लड़की के अश्लील फोटो-वीडियो बनाने, उसे ब्लैकमेल करने और रुपए व सोना वसूलने के मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज है। जेवरात चोरी का आरोपी दबोचा जनूथर थाना पुलिस ने घर में चोरी के मामले में फरार आरोपी निक्की (19) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी किए गए कुंडल और चांदी की पायल बरामद की गई है। मामले की आगे जांच जारी है। कृषि मोटरों की केबल चुराने वाला गिरोह बेनकाब कामा थाना पुलिस ने किसानों की कृषि मोटरों से विद्युत केबल चोरी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान चोरी का माल खरीदने वालों की पहचान होने पर उन्हें भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की जांच कर रही है। अभियान रहेगा जारी पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ ने कहा कि जिले में वांछित और फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें सक्रिय रूप से कार्रवाई कर रही हैं।