डीग पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन एंटीवायरस' के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने फर्जी सिम कार्ड सप्लाई करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 179 फर्जी सिम कार्ड और 7 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इनमें गुजरात से दो सिम सप्लायर भी शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के. के निर्देश पर थाना जालूकी, जिला स्पेशल टीम (DST) और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। टीम ने सबसे पहले रायपुर (सीकरी) निवासी सहबाज को गिरफ्तार किया। उसके पास से 175 फर्जी सिम कार्ड और एक विवो एंड्रॉयड मोबाइल फोन मिला। पूछताछ में सहबाज ने बताया कि वह ये सिम कार्ड सूरत (गुजरात) से 600 रुपए प्रति सिम के हिसाब से खरीदता था। बाद में वह इन्हें मेवात क्षेत्र के साइबर ठगों को 2,000 से 2,500 रुपए प्रति सिम में बेच देता था। सहबाज की निशानदेही पर पुलिस ने सूरत से फर्जी सिम रिटेलर सौरभ और तरुण उर्फ मोहित को गिरफ्तार किया। इनके पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और कुछ सिम कार्ड जब्त किए गए। इसके बाद पुलिस ने डीग जिले से फर्जी सिम खरीदकर साइबर ठगी करने वाले तौफिक, अरमान, अहसान और मुबारिक को भी गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से चार मोबाइल फोन और चार फर्जी सिम कार्ड बरामद हुए। आरोपी इन फर्जी सिम कार्डों का इस्तेमाल देशभर के लोगों को झांसे में लेकर ऑनलाइन ठगी करने के लिए करते थे। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके साइबर ठगी के विस्तृत नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।