डीग पुलिस ने साइबर अपराधियों को फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के. के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान "ऑपरेशन एंटीवायरस" के तहत की गई। थाना जालूकी, साइबर सेल और डीएसटी टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 175 फर्जी सिम कार्ड और एक वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद सिम कार्डों में 164 एयरटेल और 11 वी-आई कंपनी के सिम शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सहबाज (28) पुत्र जाहुल, निवासी रायपुर, थाना सीकरी, जिला डीग के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि सहबाज गुजरात के सूरत से फर्जी पहचान पत्रों के आधार पर 600 रुपए प्रति सिम की दर से सिम कार्ड खरीदता था। वह इन सिम कार्डों को डीग, भरतपुर और आसपास के मेवात क्षेत्र में सक्रिय साइबर ठगों को 2,000 से 2,500 रुपए प्रति सिम में बेचकर अवैध मुनाफा कमाता था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने अब तक कितने साइबर अपराधियों को फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध कराए हैं और इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोग कौन-कौन हैं। पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से साइबर अपराधियों के नेटवर्क पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।