डीग जिले के पहाड़ी रोड पर बेलखेड़ा गांव के पास गुरुवार रात एक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर गाड़ी ने सड़क से गुजर रहे भैंसों के झुंड को टक्कर मार दी। हादसे में 4 भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गाड़ी सवार पति-पत्नी और मवेशियों का मालिक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फॉर्च्यूनर गाड़ी पहाड़ी की तरफ तेज रफ्तार में जा रही थी। अचानक मवेशी सड़क पर आ गए, जिससे ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा और जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि 4 भैंसों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर के बाद फॉर्च्यूनर गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पति-पत्नी अंदर फंस गए। ग्रामीणों ने उनकी चीख-पुकार सुनकर कांच तोड़कर उन्हें गाड़ी से बाहर निकाला। दोनों घायलों को तुरंत पहाड़ी अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद लगा जाम इस भीषण टक्कर की चपेट में आने से भैंसों का मालिक भी दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे भी आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। मवेशियों के खोने और मालिक के घायल होने से परिवार में चिंता का माहौल है। हादसे के बाद बेलखेड़ा के पास पहाड़ी रोड पर जाम लग गया, जिससे सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन बाधित हो गया। सूचना मिलने पर पहाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाकर आगे की जांच शुरू की।