डीग जिले के 26 साल के सेना के जवान की हार्ट अटैक से मौत हो गई। जवान बबलू चौधरी सिनसिनी गांव के रहने वाले थे। नासिक में नायक के पद पर तैनात थे। 5 जुलाई को ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मंगलवार को जवान बबलू चौधरी का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव सिनसिनी पहुंचा। पत्नी मंजू, मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जवान का सैन्य सम्मान से अंतिम संस्कार किया गया। जवान के 7 साल के बड़े बेटे यश कुमार और छोटे भाई पंकज ने मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा में हजारों ग्रामीण शामिल हुए। स्कूल में अंतिम दर्शन के लिए रखा पार्थिव शरीर मंगलवार को जवान बबलू चौधरी की पार्थिव देह को गांव के प्राथमिक विद्यालय परिसर में अंतिम दर्शन के लिए रखी गई। जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। अंतिम संस्कार से पहले सेना के जवानों ने अपने साथी को अंतिम सलामी दी। इस दौरान "बबलू चौधरी अमर रहें" और "भारत माता की जय" के नारों से आसमान गूंज उठा। पिता भी सेना से रिटायर्ड बबलू चौधरी साल 2016 में सेना में भर्ती हुए थे। 2018 में मंजू से उनकी शादी हुई थी। उनके 2 बच्चे यश कुमार (7), भावेश (3) हैं। बबलू चौधरी के छोटे भाई पंकज सेना में लांसनायक के पद पर तैनात हैं। पिता विजेंद्र सिंह भी सेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। घटना की सूचना मिलने पर सीओ सीताराम बैरवा और तहसीलदार जुगिता मीणा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी जवान के घर पहुंचे पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। गांव के लोगों ने कहा- बबलू चौधरी मिलनसार स्वभाव के थे। उनके निधन से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे गांव को दुख है। जवान के निधन से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… झुंझुनूं के एयरफोर्स जवान का चेन्नई में निधन:2 महीने पहले ही आए थे गांव, नहाते समय डूबे झुंझुनूं जिले के मंडावा क्षेत्र के पीपल का बास गांव निवासी 22 साल के एयरफोर्स जवान आर्यन झाझड़िया का चेन्नई में ड्यूटी के दौरान निधन हो गया। (पढ़ें पूरी खबर)