डीग जिले के SP शरण गोपीनाथ कांबले ने जवानों के साथ जमकर क्रिकेट खेला और मैदान पर आकर्षण शॉट लगाए। पहाड़ी उपखंड स्थित आरएसी (RAC) बटालियन के निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्रिकेट पिच पर बल्लेबाजी के हुनर दिखाए। निरीक्षण के बाद एसपी कांबले खेल मैदान में पहुंचे और उन्होंने बल्ला थामकर क्रिकेट खेला। उन्होंने कुछ शानदार शॉट भी लगाए। इसका वीडियो भी सामने आया है। एसपी के इस खेल प्रेम की लोग सराहना कर रहे है। एसपी कांबले का मानना है कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण हैं, बल्कि पुलिस की चुनौतीपूर्ण ड्यूटी के दौरान होने वाले मानसिक तनाव को कम करने में भी सहायक होते हैं। डीग में पदभार संभालने के बाद एसपी कांबले ने अपराध मुक्त जिला और नशा मुक्ति को अपनी प्राथमिकता बताया था। उनकी इस तरह की गतिविधियां जनता के साथ उनके सीधे जुड़ाव को मजबूत कर रही हैं। एसपी शरण कांबले का यह वीडियो अधिकारियों के लिए एक प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है, जो पद की गरिमा के साथ-साथ मानवीय मूल्यों और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश देता है।