डीग जिले के लोगों को भीषण गर्मी और लू से बड़ी राहत मिली है। बुधवार तड़के करीब 7 बजे अचानक मौसम ने करवट बदली और गरज के साथ झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया। यह बारिश सुबह 8 बजे तक रुक-रुक कर जारी रही। बारिश के बाद अधिकतम तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को अधिकतम पारा 41 डिग्री सेल्सियस के करीब था, जिसमें अब कमी आई है। इस बदलाव से लोगों को उमस और लू से निजात मिली है। सुबह की शुरुआत घने काले बादलों के साथ हुई, जिससे दिन में रात जैसा अहसास हुआ। तेज ठंडी हवाओं ने वातावरण में ठंडक घोल दी, जिससे मौसम सुहावना हो गया।