कोटा में सड़क पार कर रहे एक बुजुर्ग को तेज स्पीड कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे बुजुर्ग का सिर धड़ से अलग हो गया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा जिले के रामगंजमंडी क्षेत्र के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस हाईवे पर रिछाड़िया गांव के पास शनिवार देर रात हुआ। हादसे में देवीलाल गुर्जर (60) निवासी तमोलिया गांव की मौत हुई है। पुलिस ने बताया- देवीलाल खेत पर काम करने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान हाईवे पार करते समय वे तेज स्पीड से आ रही एक कार की चपेट में आ गए। टक्कर के बाद घटनास्थल पर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही रामगंजमंडी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया गया। कार ड्राइवर हिरासत में हेड कॉन्स्टेबल रोहित शर्मा ने बताया- रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर कार और ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।