केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को बुधवार को बूंदी के लबान में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे की खराब स्थिति का सामना करना पड़ा। हाड़ौती के विकास को गति देने के उद्देश्य से पहुंचे गडकरी ने एक्सप्रेस-वे पर गड्ढों की शिकायतें मिलने के बाद मौके का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी उनके साथ थे। मिनी बस से उतरकर तीनों नेताओं ने करीब 100 फीट सड़क पर पैदल चलकर स्थिति का जायजा लिया। एक्सप्रेस-वे पर जगह-जगह गहरे गड्ढे थे और उनमें पानी भरा हुआ था। सीएम शर्मा ने केंद्रीय मंत्री गडकरी को उंगली से इशारा करते हुए सड़क के गड्ढे दिखाए। स्थिति देखकर गडकरी ने गंभीरता से कहा, "यह वाकई गंभीर समस्या है। इसे पूरी तरह दिखवाएंगे और ठीक करवाएंगे।" निर्धारित समय से देरी से पहुंचने के कारण केंद्रीय मंत्री यहां प्रस्तावित जनसभा को संबोधित नहीं कर सके। तकनीकी खामियों को जल्द ठीक किया जाएगा
निरीक्षण के बाद जैसे ही नेता मिनी बस में बैठे, ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया। लोगों ने गडकरी से कहा, "साहब! हमें आपसे बहुत उम्मीदें हैं। यह हाईवे हमारे लिए सपनों की सड़क जैसा है, लेकिन निर्माण में लापरवाही के कारण यह आमजन के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। आज सुबह ही यहां 2 भीषण दुर्घटनाएं हुई हैं, जिनमें एक व्यक्ति की जान चली गई।" जनता की बात सुनकर गडकरी ने उन्हें आश्वासन दिया कि सड़क निर्माण के दौरान हुई तकनीकी खामियों को तत्काल ठीक किया जाएगा। उन्होंने वादा किया कि "अगले 2 साल में यह सड़क पूरी तरह परफेक्ट और सुरक्षित हो जाएगी।" इस दौरान कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर और हीराल नागर भी मौजूद रहे।
लबान में इस तरह रही 40 मिनट की हलचल हेलिकॉप्टर की हवा से उड़ी बैरिकेडिंग, मची अफरा-तफरी
कार्यक्रम के दौरान तेज हवा और बूंदाबांदी शुरू हो गई। शाम 4:59 बजे सीएम के हेलिकॉप्टर के लैंड करते समय पंखों की तेज हवा से वीआईपी बैरिकेडिंग उड़ गई। इसमें 2-3 भाजपा कार्यकर्ता गिर भी गए। सुरक्षा को लेकर पुलिस ने कड़े इंतजाम किए थे। काले कपड़े, शर्ट और गमछे पहनने पर रोक थी। विरोध की आशंका में इन्हें गेट पर ही जमा करवाया गया। बिरला बोले- 14 जिलों के लिए जीवनरेखा बनेगा एक्सप्रेसवे
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि 8 लेन का दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे NHAI की सबसे महत्वपूर्ण परियोजनाओं में से एक है। यह राजस्थान के 14 जिलों के लिए विकास की नई जीवनरेखा साबित होगा। इससे यात्रा का समय और परिवहन लागत घटेगी, जिससे व्यापार, उद्योग और पर्यटन को गति मिलेगी। यह 5 राज्यों और 1 केंद्र शासित प्रदेश को जोड़ेगा। दोनों ओर बनी बाउंड्री वॉल से आवारा पशुओं की दुर्घटनाएं भी कम होंगी। सुरक्षा रेलिंग में फंसकर फटा कुर्ता
स्वागत के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा का कुर्ता सुरक्षा रेलिंग में फंसकर फट गया। वहीं लोकसभा अध्यक्ष के निजी पुलिस अधिकारी अंकित जैन का ड्राइवर हड़बड़ी में गाड़ी छोड़ गया। अंकित जैन को दौड़कर गाड़ी पकड़नी पड़ी। सीएम ने हेलीपैड के पास खनिज, राजीविका और कृषि विभाग के स्टॉलों का भी अवलोकन किया।