केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार दोपहर बाद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे लबान इंटरचेंज से कोटा तक निर्माण कार्य की गुणवत्ता का आकलन करेंगे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी उनके साथ मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हेलिकॉप्टर से लबान इंटरचेंज पहुंचेंगे। वहीं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला खातौली के कार्यक्रम से सड़क मार्ग द्वारा लबान इंटरचेंज आएंगे। इसके बाद, केंद्रीय मंत्री गडकरी, मुख्यमंत्री और लोकसभा अध्यक्ष एक साथ सड़क मार्ग से कोटा तक एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान दरा टनल का भी जायजा लिया जाएगा। खामिया मिली तो निर्माण एजेंसियों पर होगी कार्रवाई सूत्रों के अनुसार निरीक्षण के दौरान एक्सप्रेस-वे निर्माण में सामने आई खामियों और गुणवत्ता संबंधी शिकायतों की समीक्षा की जाएगी। यदि निरीक्षण में कोई अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित निर्माण एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। इस संभावित कार्रवाई को देखते हुए संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों में दिनभर हलचल बनी रही। निरीक्षण को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। लबान इंटरचेंज पर हेलिकॉप्टर उतरने की व्यवस्था, अस्थायी हेलीपैड, स्वागत पंडाल और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। भाजपा कार्यकर्ता भी एक्सप्रेस-वे पर केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री और लोकसभा अध्यक्ष का स्वागत करेंगे। भाजपा मंडल अध्यक्ष पवन मीणा ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।