राजसमंद के देवगढ़ कस्बे में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत प्लास्टिक मुक्त शहर बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। बुधवार को नगर पालिका देवगढ़ द्वारा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में प्लास्टिक संग्रहण उत्सव का आयोजन किया गया। अधिशासी अधिकारी पिंटू लाल जाट के निर्देशन में हुए इस अभियान में विद्यालय के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। 'मेरा कचरा, मेरी जिम्मेदारी' के संकल्प को साकार करते हुए बच्चों ने अपने घरों से प्लास्टिक कचरा, पुरानी बोतलें और सिंगल यूज प्लास्टिक एकत्रित कर नगर पालिका टीम को सौंपा। इस दौरान स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर भावना पालीवाल ने छात्रों को संबोधित करते हुए स्वच्छता को जीवन का संस्कार बनाने का संदेश दिया। उन्होंने वेस्ट टू वंडर की अवधारणा समझाते हुए प्लास्टिक के पुन उपयोग पर जोर दिया। नगर पालिका के एमआईएस इंजीनियर शिवराज मीणा व उनकी टीम ने संग्रहण कार्य को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही। इस पहल साफ हुआ कि स्वच्छता केवल प्रशासन नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है, और बच्चों की जागरूकता से समाज में बड़ा बदलाव संभव है।