कस्बे के मुख्य बाजार में शनिवार रात को राधा-श्री कृष्ण सेवा समिति की ओर से भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सांवरिया सेठ एवं श्याम बाबा की आकर्षक झांकी सजाई गई। विभिन्न स्थानों से आए भजन गायक कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी जिस पर पूरी रात भक्त आनंद लेते नजर आए। साथ ही बीच-बीच में इत्र वर्षा ने पूरे पंडाल को सुगंधित एवं भक्तिमय कर दिया। भजन संध्या की शुरुआत सांवरिया सेठ एवं बाबा श्याम की झांकी अनावरण के साथ की गई। इस दौरान सभी ने सामूहिक रूप से पूजा अर्चना की तथा क्षेत्र में प्रसन्नता की कामना की। इसके बाद जयपुर से आए भजन गायक कलाकार अमित नामा ने गणेश जी का भजन गाकर भजन संध्या की शुरुआत की। पानीपत के आशु वर्मा ने चौथ माता का भजन गाते हुए तूने मुझे बुलाया शेरावालिए में आया मैं आया शेरावालिए... गाकर भक्तों में उत्साह भर दिया। चित्तौडगढ़ की कु. वर्षा ने सांवरिया सेठ की महिमा का भजन सुनाया।